देवल संवाददाता, बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला थाना अंतर्गत बरतानी गांव निवासी सुनील उर्फ दुर्गा प्रसाद यादव पुत्र उदयभान यादव ने क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एक महिला पर दुष्कर्म के आरोप में फंसाने और धन वसूलने की नीयत से फर्जी मुकदमे में नाम शामिल कराने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र में सुनील यादव ने बताया कि महिला की ओर से उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया जा रहा है, जिसे उन्होंने निराधार बताया है। उनका दावा है कि महिला ने पहले किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में उनका नाम मामले में शामिल कर उन्हें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी स्तर से मामले की जांच की गई थी। उन्होंने दावा किया कि जांच में उन्हें निर्दोष पाया गया, इसके बावजूद अहरौला थाने की पुलिस उन्हें बार-बार परेशान कर रही है। उन्होंने पुलिस पर धमकी देने का आरोप भी लगाया है। सुनील यादव ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित उत्पीड़न से राहत दिलाने की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी विजय कुमार सिंह गौर ने बताया की शिकायती पत्र मिल चुका है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आयेंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप, पीड़ित ने सीओ से लगाई न्याय की गुहार
अक्टूबर 16, 2026
0
Tags
