देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 16 अक्टूबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं। कार्यक्रमों में गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूकता
अक्टूबर माह में चलाए जा रहे विशेष साइबर जागरूकता अभियान के तहत बच्चों एवं बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग एवं निवेश समूहों, क्रिप्टोकरेंसी घोटालों और फिशिंग लिंक के खतरों के बारे में बताया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड या निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करने की अपील की गई है।
जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं, बालिकाओं और आम नागरिकों से जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है। आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 नंबर जारी किए गए हैं।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क नागरिक तैयार करना है। अभियान के माध्यम से समाज में महिला सम्मान, समानता और सुरक्षित वातावरण का संदेश दिया जा रहा है।
संदेश: “नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।”
