देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 16 अक्टूबर। सोनभद्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करमा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो कारों से कुल 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी-500 और मारुति ब्रेजा कार, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 8,280 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत यह कार्रवाई 15 अक्टूबर की रात की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के नेतृत्व में करमा पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगीं कारें
पुलिस के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल और एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा के नेतृत्व में टीम ग्राम करनवाह जाने वाले तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिन्दुआरी की ओर से आ रही दो संदिग्ध कारें पुलिस को देखकर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले ही वापस मुड़ने लगीं। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 11:15 बजे दोनों वाहनों को रोक लिया।
वाहनों में सवार तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। इस दौरान महिंद्रा एक्सयूवी-500 के पिछले हिस्से में स्टेपनी के नीचे तथा मारुति ब्रेजा के पिछले और बीच वाले हिस्से में टेप से लिपटे छोटे-छोटे पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों से कुल 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन और 8,280 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
ओडिशा से मीरजापुर पहुंचाना था गांजा
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के एक व्यक्ति के कहने पर गांजा लेकर मीरजापुर जा रहे थे। वहां बताए गए लोगों को गांजा सौंपना था। आरोपियों के अनुसार, गांजा और वाहनों की व्यवस्था भी उसी व्यक्ति ने की थी। खेप पहुंचाने के बदले प्रत्येक व्यक्ति को 15 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व में भी गांजा पहुंचाने की बात बताई है। मामले में गांजा आपूर्ति के स्रोत, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत बारिक उर्फ कानू (29), रविन्द्र नायक (47) और मोहम्मद दानिश आलम (29) के रूप में हुई है। तीनों ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में थाना करमा पर मुकदमा अपराध संख्या 199/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27A/29/60 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में थाना करमा के प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, उपनिरीक्षक मनोज सिंह सहित करमा पुलिस और एसओजी के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
