देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) जूनियर बार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश इलाहाबाद के सेक्रेटरी आदित्य सिंह हंटर के नेतृत्व में सोमवार को अधिवक्ताओं ने लालगंज तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जूनियर अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था से जुड़े मामले में एसडीएम पर कथित अधिवक्ता पर गलत भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया।अधिवक्ताओं के अनुसार, शनिवार को लालगंज तहसील परिसर की खाली भूमि पर कुछ जूनियर अधिवक्ताओं ने अपने बैठने के लिए कुर्सी, मेज और टीन शेड लगाया था। इसकी शिकायत कुछ अधिवक्ताओं द्वारा शनिवार की सुबह एसडीएम लालगंज से की गई। शिकायत के बाद एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व अधिकारी एवं लेखपाल मौके पर पहुंचे और जांच के बाद वहां रखी मेज, कुर्सी तथा टीन शेड को हटवा दिया गया। जूनियर अधिवक्ताओं का आरोप था कि अतिक्रमण हटाने के दौरान एसडीएम द्वारा एक अधिवक्ता के प्रति कथित रूप अधिवक्ता के रूप में पहचान पर भी टिप्पणी की गई। इसको लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी व्याप्त हो गई और उन्होंने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
बाद में एसडीएम एवं जूनियर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले का समाधान कर लिया। दोनों पक्षों ने स्पष्ट किया कि उनके बीच अब किसी प्रकार का विवाद नहीं है और आपसी सौहार्द बनाए रखा जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता आकाश सिंह, सूरज सिंह इलाहाबाद, धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव वाराणसी, जूनियर बार एसोसिएशन आजमगढ़ के अध्यक्ष आमिर खां, प्रशांत राय, आकिब शेख, आलोक यादव, हलीम, अखिलेश, सालिक, यूसुफ मिर्जा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
