देवल संवाददाता, बूढ़नपुर। कोयलसा बाजार में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से सामाजिक समरसता दलित महिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में दलित महिला कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने तथा आगामी राजनीतिक समीकरणों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे।
कार्यक्रम का संचालन हरिबदन प्रजापति ने किया, जबकि अध्यक्षता सीमा रावत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा ने जाति के नाम पर राजनीति करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान उसके कार्यकर्ताओं द्वारा गली-चौराहों पर लोगों को धमकाया जाता था, जबकि भाजपा सरकार आने के बाद लोग सुकून से रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा आज भी उसी तरह की राजनीति करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान के माध्यम से अधिकार देने का काम किया। महिलाओं के आरक्षण पर उन्होंने कहा कि जिस दिन महिलाओं का आरक्षण पूरी तरह लागू होगा, उस दिन देश की महिलाएं बड़ी संख्या में नेतृत्व की भूमिका में आगे आएंगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की देन है कि आज दलित समाज के बेटे-बेटियां डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और पीसीएस जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में पहुंच रहे हैं।
वहीं, सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने समाजवादी पार्टी के स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांव आज भी विकास कार्यों से वंचित हैं और ग्रामीण परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा के विधायक विकास कार्य कराने का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब जाकर विधायक को लोगों के बीच निकलने का समय मिल रहा है।
सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं ने सामाजिक समरसता, महिलाओं की भागीदारी और दलित समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत करने की बात कही। कार्यक्रम में कुलदीप राजभर, हरेंद्र चौरसिया सहित सुभासपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
