देवल संवाददाता, आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को मंडलीय जिला चिकित्सालय आजमगढ़ में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रातः 9 बजे हुआ। इस दौरान लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए “One Drop of Humanity – Save Blood, Save Lives” का संदेश दिया गया। रक्तदान शिविर में समर्पण सेवा संगठन की ओर से भी सहभागिता की गई। संगठन के संस्थापक दीपक पाठक के नेतृत्व में लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई।
जिला अस्पताल ब्लड बैंक की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय सहयोगियों को आमंत्रित किया गया। रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संगठनों एवं सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी अधिकारी ब्लड सेंटर, डॉ. सतीश चन्द कन्नौजिया, प्रमुख अधीक्षक मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा डॉ. आर.एन. वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी आजमगढ़ सहित संबंधित अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आपात स्थिति में समय पर रक्त उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है। शिविर के माध्यम से लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
जन चेतना एक्सप्रेस |
