देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव द्वारा मोहम्मदाबाद गोहना में संचालित वृद्धाश्रम का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों से आत्मीयतापूर्वक वार्ता की तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य, खान-पान एवं दैनिक सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धजनों के साथ समय बिताते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।इस अवसर पर वृद्धजनों के लिए फल का वितरण भी कराया गया। साथ ही महिला वृद्धजनों के हॉल में मनोरंजन एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से टेलीविजन लगवाया गया, जिससे वहां रह रही महिला वृद्धजन टेलीविजन के माध्यम से मनोरंजन एवं विभिन्न कार्यक्रमों का लाभ उठा सकें।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों की देखभाल एवं सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को वृद्धजनों के साथ संवेदनशील एवं आत्मीय व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
