देवल संवाददाता, मऊ।राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन,लखनऊ के निर्देशानुसार जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर जनपद मऊ में दो ग्राम पंचायतों में पेयजल योजनाओं के जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विकासखंड दोहरीघाट की ग्राम पंचायत देवनाथपुर पेयजल योजना एवं विकासखंड कोपागंज की ग्राम पंचायत मुहम्मदपुर बाबूपुर पेयजल योजना में जल अर्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ।जनपद में अब तक कुल 190 पेयजल परियोजनाओं के जल अर्पण का कार्य कराया जा चुका है। शेष ग्रामों में माह अक्टूबर-नवंबर 2026 तक जल अर्पण का कार्य पूर्ण कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पेयजल परियोजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे पानी की गुणवत्ता अन्य स्रोतों की तुलना में काफी बेहतर है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत ग्रामीणों को प्रातः 06 से 08 बजे तक तथा सायं 04 से 06 बजे तक पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के दृष्टिगत ग्रामीणों से पानी का दुरुपयोग रोकने तथा पेयजल को दूषित होने से बचाने की अपील की गई। साथ ही पेयजल परियोजनाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्रामवासियों को निभाने,जल संरक्षण को अपना कर्तव्य समझने,पानी बचाने,नलों की देखरेख करने तथा पानी का अपव्यय न करने का आह्वान किया गया।जल अर्पण कार्यक्रम में संबंधित ग्रामों के ग्राम प्रधान,अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण),सहायक अभियंता,जूनियर इंजीनियर जल निगम,कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि,ग्राम पंचायत की जल सखियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
