देवल संवाददाता, आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को रविवार 18 अक्टूबर को मेंहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और एक दुपट्टा बरामद किया गया है। पुलिस दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी चंद्रभान राम ने 16 अक्टूबर को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार 15 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे कोचिंग पढ़ाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब आठ बजे दीपक ने फोन कर बताया कि वह उस दिन घर नहीं आएगा और अगले दिन सुबह लौट आएगा। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि दीपक का शव एक युवती के घर पर पड़ा है।
वादी ने युवती और करनेहुआ गांव निवासी सुमित पुत्र जयप्रकाश पर हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित आरोपियों को रविवार सुबह करीब 11:40 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और एक दुपट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार सुमित की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। मामले में पुलिस की अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिराज सरोज, कांस्टेबल सूरज गुप्ता, कांस्टेबल विवेक सिंह और महिला कांस्टेबल गीतांजलि शामिल रहीं।
