गोवंश के भरण-पोषण हेतु प्रति गोवंश ₹1,500 प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से दे रही राज्य सरकार
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद अम्बेडकरनगर में पशुपालन विभाग द्वारा शारदीय नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत कुल 76 गोवंश 26 लाभार्थी परिवारों को ससम्मान सुपुर्द किए गए। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आजीविका का अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना है।
विकास खंड टांडा के भड़सारी एवं डांडी, विकास खंड जहांगीरगंज के तेंदुआई खुर्द तथा विकास खंड रामनगर के अखलासपुर स्थित गो-आश्रय स्थलों से सामान्य परिवारों के 20 लाभार्थियों को 66 गोवंश उपलब्ध कराए गए। वहीं, पोषण मिशन के अंतर्गत कुपोषित बच्चों वाले 6 परिवारों को 10 गोवंश दिए गए। इस प्रकार कुल 26 परिवारों को 76 गोवंश सुपुर्द किए गए।
योजना के तहत लाभार्थियों को गोवंश के भरण-पोषण के लिए प्रति गोवंश ₹1,500 प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जाते हैं। एक लाभार्थी अधिकतम चार गोवंश प्राप्त कर सकता है, जिसके अनुसार उसे भरण-पोषण के लिए अधिकतम ₹6,000 प्रतिमाह की सहायता मिल सकती है। गोवंश से प्राप्त दूध कुपोषित बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार लाने में सहायक होगा। साथ ही, इससे लाभार्थी परिवारों को अतिरिक्त आजीविका का अवसर भी प्राप्त होगा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी इच्छानुसार किसी भी गो-आश्रय स्थल में संरक्षित गोवंश को विभागीय नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पालन-पोषण हेतु प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना का लाभ उठाकर नागरिक गोवंश संरक्षण में सहभागी बनने के साथ-साथ अपने परिवार की आजीविका को भी सुदृढ़ कर सकते हैं।
