देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शासन के निर्देश पर नगरीय निकायों में प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाले जनसुनवाई ‘सम्भव’ दिवस के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों से कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
निकायवार प्राप्त शिकायतों में नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 2, नगर पंचायत घोरावल में 1, चुर्क-घुर्मा में 2, चोपन में 4, ओबरा में 4, रेनुकूट में कोई शिकायत नहीं, पिपरी में 3, दुद्धी में 2, डाला बाजार में 1 तथा अनपरा में 2 शिकायतें शामिल हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं से सीधे रूबरू होकर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका के सदस्यगण, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
