देवल संवाददाता, इंदारा। विकास खंड कोपागंज की समूह सखियों ने गुरुवार को खंड विकास अधिकारी को नौ सूत्रीय मांग पत्रक देकर वर्तमान में मिल रहे दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय में वृद्धि कर न्यूनतम 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की है। समूह सखियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने और परिवारों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।पत्रक में समूह सखियों ने बताया कि वे स्वयं सहायता समूहों का गठन कराने,बैंक में खाते खुलवाने,नियमित बैठक कराने,प्रस्ताव लिखने,सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभ दिलाने, समूहों की एमआईएस फीडिंग कराने और समूहों के फंड की डिमांड कराने समेत विभिन्न कार्य करती हैं। इसके लिए उन्हें नियमित रूप से ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन करना पड़ता है। वर्तमान महंगाई और कार्यभार को देखते हुए दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय बेहद कम है। ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने के लिए भी उन्हें अपनी जेब से खर्च करना पड़ता है। आवागमन के पर्याप्त साधन नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में समूह सखियों ने 750 रुपये प्रतिदिन मानदेय,10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा,छह माह का मातृत्व अवकाश,यात्रा भत्ता,मानदेय डीबीटी के माध्यम से भेजने और हर माह समय से भुगतान की मांग की है। इसके अलावा मोबाइल रिचार्ज की सुविधा के साथ मोबाइल या लैपटॉप उपलब्ध कराने,नियुक्ति पत्र देने तथा समूह सखियों को स्थायी करने की भी मांग उठाई गई है। सखियों ने खंड विकास अधिकारी से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित कार्रवाई करने तथा मानदेय बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव सक्षम उच्च अधिकारियों को भेजने की मांग की।
