देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज जिला अस्पताल परिसर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिला अस्पताल परिसर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट परिसर तक गई।संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान डेंगू,मलेरिया,फाइलेरिया, कालाजार,दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता ही अनेक बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। साफ-सफाई एवं स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने अभियान के दौरान संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान,समय से उपचार तथा जन-जागरूकता पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान डेंगू,मलेरिया एवं दिमागी बुखार आदि के लक्षण वाले मरीजों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने,जलभराव न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा 12 से 31 अक्टूबर तक घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान डेंगू, चिकनगुनिया,जापानी इंसेफेलाइटिस,इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस सहित अन्य संचारी रोगों के लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों एवं कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनका विवरण नाम,पता एवं मोबाइल नंबर सहित तैयार किया जाएगा तथा निर्धारित विवरण को ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता पहुंचाई जाए तथा चिन्हित रोगियों को समय से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक धनंजय,एसीएमओ डॉ. संजय गुप्ता,मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान
अक्टूबर 01, 2026
0
Tags
