पकड़े गए सपेरों के विरुद्ध रेलवे प्रशासन द्वारा विधिसम्मत कार्यवाही
देवल संवाददाता, गोरखपुर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल के अंतर्गत दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को गाड़ी संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस के साधारण कोच में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने के मामले में 06 सपेरों को पकड़कर दिघवारा स्टेशन पर उतारा गया ताकि रेलवे की छवि धूमिल न हो।
प्राप्त रेल मदद सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए रेसुब सोनपुर आउट पोस्ट दिघवारा के उप निरीक्षक श्री शमशेर कुमार एवं सहायक उप निरीक्षक श्री विजय कुमार द्वारा उक्त ट्रेन की निगरानी की जा रही थी।
गाड़ी के छपरा स्टेशन से प्रस्थान करने के बाद साधारण कोचों की जांच के दौरान 06 व्यक्तियों को सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगते हुए पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गाड़ी के सोनपुर मंडल के अंतर्गत अगले ठहराव दिघवारा स्टेशन पर उक्त सभी व्यक्तियों को उनके कृत्य से अवगत कराते हुए ड्यूटी पर तैनात बल सदस्यों की सहायता से ट्रेन से उतारा गया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों द्वारा अपना नाम एवं पता स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया। उनके द्वारा
अलग-अलग स्थानों, जैसे लखनऊ एवं हिमाचल प्रदेश का निवासी होने की जानकारी दी गई। उनके नाम एवं पते का सत्यापन किया जा रहा है।
मामले में वन विभाग से समन्वय स्थापित किया गया है तथा संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
भारतीय रेल आम जन मानस से आग्रह करती है कि जागरुक रहें। ट्रेन में सांप दिखा पैसे माँगना गैर कानूनी है। ऐसा होता देखने पर यथा शीघ्र शिकायत करें ताकि समय रहते यथोचित कार्रवाई की जा सके। आपकी सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के लिए भारतीय रेल कृत संकल्प है।
