कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा पूर्व में निर्गत निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद के प्रत्येक विद्यालय में एक साथ 'शिक्षक-अभिभावक बैठक' (PTM) का सफल आयोजन किया गया। अंबेडकर नगर में यह पहला अवसर है जब पूर्व से निर्धारित समय सारणी के अनुसार जिले के सभी स्कूलों में एक ही दिन इतने व्यापक स्तर पर PTM आयोजित की गई है।
विद्यालय स्तर पर आयोजित इस बैठक में शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं के हाल ही में संपन्न हुए यूनिट टेस्ट, कक्षा प्रदर्शन एवं समग्र शैक्षणिक प्रगति की रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ बैठकर बच्चों के सीखने के स्तर, उनकी उपस्थिति और विद्यालय में हो रही विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में यूनिट टेस्ट एवं कक्षा मूल्यांकन के आधार पर बच्चों की रिपोर्ट/प्रगति स्थिति अभिभावकों को बताई गई और उनके बेहतर प्रदर्शन हेतु सुझाव दिए गए। विद्यालयीय गतिविधियों से अवगत कराना कराते हुए स्कूल में संचालित की जा रही पठन-पाठन की योजनाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हो रहे प्रयासों की जानकारी अभिभावकों को दी गई। बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित और साफ-सुथरी ड्रेस में ही विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया। डीबीटी (DBT) राशि का सदुपयोग करने, शासन द्वारा यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर और बैग हेतु खातों में भेजी गई डीबीटी की राशि का सही और पूरा उपयोग बच्चों की आवश्यक शिक्षण सामग्रियों के लिए ही करने का आग्रह किया गया।
इस पहल से विद्यालय और अभिभावकों के बीच परस्पर जुड़ाव और मजबूत हुआ है। प्रत्येक विद्यालय में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और शिक्षा विभाग की इस पूर्व-निर्धारित व्यवस्था की काफी सराहना की।
