गिरीश अकबरपुर, अम्बेडकर नगर दैनिक देवल । मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में सीएचओ एकत्र होकर विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे सीएचओ का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से उनके वेतन में लगातार विसंगति बनी हुई है। उनका कहना है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के मार्च माह तक का वेतन अभी तक बकाया है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही वर्ष 2024 के बाद से उनका लॉयल्टी एरियर और वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) भी लागू नहीं किया गया है। सीएचओ का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। आरोप है कि रक्षाबंधन के अवसर पर भी भुगतान का भरोसा दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हो सका। संगठन के जिलाध्यक्ष राहुल कुंतल ने बताया कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता और उनकी अन्य मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर अब सीएचओ आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। धरना प्रदर्शन के चलते स्वास्थ्य विभाग के कार्यों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, इस पूरे मामले पर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल सीएमओ कार्यालय के बाहर सीएचओ का धरना जारी है और सभी की निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
वेतन बकाया को लेकर CHO का धरना, भुगतान तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी
सितंबर 10, 2026
0
Tags
