कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जनपद के थाना सम्मनपुर अंतर्गत ग्राम कुर्की बाजार में बीते 13 सितंबर 2026 को हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए रामकिशुन की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सम्मनपुर थाने की पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंश यादव उर्फ डब्बू और आनन्द यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर इस सनसनीखेज घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (हथियार) भी बरामद कर लिया है।
घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता दिखाई दे रही है, वहीं मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
