जिस आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे, उसी का थाने में कोतवाल ने काटा जन्मदिन का केक
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।उत्तर प्रदेश की योगी सरकार एक तरफ जहां महिला सुरक्षा, 'मिशन शक्ति' और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है अपराधियों के घरों पर बुलडोजर गरज रहे हैं और एनकाउंटर की कार्रवाई हो रही है वहीं दूसरी तरफ अम्बेडकरनगर जिले की अकबरपुर कोतवाली से आई एक तस्वीर ने पुलिस प्रशासन और सरकारी दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं।
अकबरपुर कोतवाली के सरकारी कार्यालय से वायरल हुई तस्वीरों ने पूरे जनपद को हिलाकर रख दिया है। वायरल पोस्ट में साफ देखा जा सकता है कि जिस शख्स का जन्मदिन कोतवाल अपने हाथों से केक कटवाकर मना रहे हैं, वह कोई आम नागरिक नहीं बल्कि महिलाओं से छेड़खानी और अभद्रता का आरोपी है।
सरकारी मेज पर अपराधियों का रेड कार्पेट सम्मान
सोशल मीडिया फेसबुक पर 'Kuldeep Bhai' नाम की फेसबुक आईडी से एक पोस्ट शेयर की गई, जिसमें लिखा गया कि "बड़े भाई शहर कोतवाल संतोष सिंह व अन्य भाइयों का जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद प्राप्त हुआ।" तस्वीरों में अकबरपुर कोतवाल संतोष सिंह खुद वर्दी में हंसते हुए मेज पर लगा केक काटने में व्यस्त दिख रहे हैं। सवाल यह उठता है कि जिस कोतवाली की मेज पर अपराधियों की खातिरदारी हो रही है, वहां न्याय की आस लेकर आने वाली पीड़ितों का क्या हाल होगा?
*एफआईआर की प्रतियां खोल रही हैं आरोपी का काला चिट्ठा*
विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त प्रथम सूचना रिपोर्ट की कॉपियां आरोपी के कारनामों का सच बयां कर रही हैं पहला मुकदमा अकबरपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 243/2020 है जिसमें नाबालिग के अपहरण का प्रयास व हमला करने की शिकायत की गई है एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी आनंद उर्फ हैप्पी और कुलदीप कुमार ने 12 मई को उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को जबरन घर से घसीटकर मोटरसाइकिल पर बिठाने की कोशिश की। विरोध करने पर परिजनों पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें महिला व लड़की घायल हुईं।
अकबरपुर कोतवाली में ही दर्ज दूसरा मुकदमा मुकदमा अपराध संख्या 765/2025 है जिसमें युवक पर दिव्यांग महिला से अश्लीलता व धमकी का आरोप है एफआईआर के अनुसार 24 दिसंबर 2024 की लिखित एफआईआर में एक दिव्यांग युवती ने आरोप लगाया कि रात्रि के अंधेरे का फायदा उठाकर पटेल नगर चौराहे पर आरोपी कुलदीप कुमार ने उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की। मना करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसके साथ कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है और इसका वीडियो भी मौजूद है।
*मिशन शक्ति का मज़ाक या खाकी की सह?*
एक तरफ जहां पीड़ित दिव्यांग बेटियां और नाबालिग लड़कियां अपनी आबरू और सुरक्षा के लिए कोतवाली की चौखट खटखटाती हैं, वहीं दूसरी तरफ शहर के कोतवाल संतोष सिंह आरोपी को 'छोटा भाई' मानकर उसका जन्मदिन मना रहे हैं। इस घटना के बाद से अकबरपुर क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है।
पूरे मामले में जहां एक तरफ आधी आबादी में गुस्सा देखने को मिला रहा तो वही दूसरी तरफ क्षेत्र में भी तरह तरह की चर्चा है अब सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेशों का असर अकबरपुर कोतवाली में शून्य हो चुका है? क्या खाकी का संरक्षण मिलने के कारण ही आरोपी के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह सरेराह महिलाओं से अभद्रता कर रहा है?
बड़ा सवाल यह भी है कि क्या एसपी अम्बेडकरनगर और उच्चाधिकारी इस वायरल फोटो और एफआईआर के आधार पर अकबरपुर कोतवाल के खिलाफ कोई कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेंगे, या खाकी का यह खातिरदारी वाला खेल ऐसे ही चलता रहेगा?
अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस मामले पर पर्दा डालता है या खाकी पर लगे इस दाग को धोने के लिए कोई सख्त कदम उठाता है।
इस विषय में पुलिस अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन नहीं लगा।
