देवल संवाददाता, आजमगढ़। बूढ़नपुर नगर पंचायत स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण बरही का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भव्य आरती की गई। आयोजकों ने बताया कि श्रीकृष्ण बरही का आयोजन प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। इस बार भी कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजक नगर पंचायत प्रतिनिधि गुडलक सिंह ने बताया कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है। श्रीकृष्ण बरही के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रात्रि में रासलीला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनंद उठाएंगे।
रात्रि में आयोजित होने वाले रासलीला कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर संजय मौर्य, अरविंद गुप्ता, आनंद गुप्ता, दिनेश गुप्ता, गंगा गुप्ता, सतीश मद्धेशिया, दीनानाथ चौरसिया सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।
