देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के पंचायत क्षेत्र के ईश्वरपुर पवनी गांव में मंगलवार को प्रजापति समाज के लोगों द्वारा समाजसेवी एवं समाज के मार्गदर्शक डॉ. रत्नप्पा का जन्मदिन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कुंभकार महासभा फोरम के प्रदेश सचिव इंदल प्रजापति एवं ब्लॉक अध्यक्ष मुरली प्रजापति प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंदल प्रजापति ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा हमेशा अपने समाज के लोगों को जागरूक करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते थे। उनका उद्देश्य समाज के लोगों को संगठित कर उन्हें सामाजिक रूप से मजबूत बनाना था।
उन्होंने कहा कि यदि हम अपनी सामाजिक भागीदारी को मजबूत नहीं करेंगे तो समाज में हमारी पहचान और कद कमजोर होगा। हमें अपने अधिकारों और सम्मान के लिए जागरूक रहना होगा। समाज के लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है, तभी आने वाली पीढ़ी मजबूत और सम्मानजनक जीवन जी सकेगी।
उन्होंने कहा कि डॉ. रत्नप्पा के विचार आज भी प्रजापति समाज के लिए प्रेरणा हैं। हमें उन्हें अपना आदर्श मानकर उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, जागरूकता और संगठन के प्रति प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने एकजुटता बनाए रखने तथा सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर हरीलाल प्रजापति, रामकिशोर प्रजापति, रामरूप प्रजापति, सुभावती, सुनीता, निर्मला, गीता, अनीता, नीतू, प्रमिला सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
