कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । थाना क्षेत्र आलापुर अन्तर्गत शाहपुर औरांव नहर में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ख्वाजेबड़ापुर गांव निवासी राम केदार के पुत्र उमेश (40) का शव नहर में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मालूम हो कि उमेश मंगलवार की सुबह घर से निकले थे देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी थी लेकिन बुधवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही आलापुर थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इंस्पेक्टर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। आशंका है कि नहर में डूबने के कारण उमेश की मौत हुई होगी हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।युवक की अचानक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
