कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समसुद्दीनपुर के मजरे भीखीपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नवयुवक कार्यकारिणी रासलीला समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय संगीतमयी रासलीला का आयोजन तीन सितंबर से किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समिति के संयोजक सुधांशु प्रजापति ने बताया कि तीन सितंबर को वासुदेव-देवकी विवाह, उग्रसेन को कारावास और कंस के अत्याचार का संगीतमयी मंचन किया जाएगा। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्म, अघासुर वध, पूतना वध और राधा-कृष्ण मिलन की लीला प्रस्तुत की जाएगी। पांच सितंबर को गोवर्धन पर्वत, कालिया वध, राधा वियोग और कंस वध सहित अन्य लीलाओं का मंचन होगा।
आयोजकों ने बताया कि रासलीला की खास बात यह है कि इसमें अधिकांश पात्रों की भूमिका स्थानीय बाल कलाकारों द्वारा निभाई जाती है। बाल कलाकारों के निष्छल और भावपूर्ण अभिनय से रासलीला का मंचन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।
