कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।बुधवार को जलालपुर नगर क्षेत्र के श्री शीतला माता मंदिर परिसर में ललही छठ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। माताओं ने अपनी संतान की सुख-समृद्धि और दीर्घायु के लिए यह व्रत रखा। उत्तर भारत में प्रमुख रूप से मनाए जाने वाले इस पर्व को हल छठी भी कहा जाता है। यह भाद्रपद कृष्ण पक्ष की षष्ठी को होता है। बलराम जी के हल-मुसल शस्त्र के कारण इसे हलधर के नाम से जाना जाता है, और इसी से हल छठी नाम पड़ा। स्थानीय श्रद्धालु महिला रंजू बिंद ने बताया कि इस दिन व्रती महिलाएँ खेत में उगे अनाज या किसी फल का प्रयोग नहीं करतीं। केवल दही, महुआ और तिन्नी के चावल का ही उपयोग होता है। सुबह से ही महिलाएँ स्नान कर मंदिर पहुँचीं, जहाँ कुश की गाँठ बाँधकर गीतों के साथ पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने आपस में किस्से-कहानियाँ भी सुनाईं। वहीं, जलालपुर व आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आई महिलाओं ने तालाब के किनारे सामूहिक रूप से पूजा की। पूरे वातावरण में आस्था और उल्लास का माहौल रहा।
