कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर नगपुर त्रिमुहानी के पास शुक्रवार दोपहर विद्युत तारों पर लटकी झाड़ियों और डालियों की सफाई कर रहे एक संविदा कर्मी के करंट लगने से मौत हो गई।सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ताजूपुर पिड़ैला गांव निवासी स्वर्गीय राम नरेश मौर्य के 25 वर्षीय पुत्र विपिन मौर्य विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे वे नगपुर त्रिमुहानी के पास विद्युत तारों पर लटकी झाड़ियों-डालियों को साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया और वे गंभीर रूप से झुलस गए।विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत नगपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया। सीएचसी पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने विपिन मौर्य को मृत घोषित कर दिया।मृतक छह भाइयों में चौथे नंबर के थे और अविवाहित थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
