देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने आज विकास भवन सभागार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों की बारी-बारी से गहन समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से संबंधित विकासपरक, जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक कार्यक्रमों की सूची एवं आंकड़ों का संकलन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की अविरल सेवा के दौरान सेवा,सुशासन एवं गरीब कल्याण को केंद्र में रखते हुए किए गए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों एवं ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा जनस्मृति में स्थायित्व प्रदान करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही युवा,महिला,किसान एवं वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के पिछले 10 वर्षों में किए गए समस्त विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का विधानसभा वार,विकासखंड वार एवं ग्राम पंचायत वार विस्तृत विवरण संबंधित विभागों द्वारा एकत्रित करना सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभाग लाभार्थियों की सूची ब्लॉक,ग्राम पंचायत,वार्ड एवं मोहल्ला स्तर पर तैयार करना सुनिश्चित करें।उन्होंने बताया कि जनपद के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट,नदियों एवं घाटों,प्रमुख मंदिरों,विद्यालयों,महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कराते हुए सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाना सुनिश्चित करें।बैठक में जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहें ।
