देवल संवाददाता, मुहम्मदाबाद गोहना।उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान,लखनऊ द्वारा आयोजित संस्कृत प्रतिभा खोज-2026 के अंतर्गत जनपद स्तरीय संस्कृत गीत एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन संत गणिनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुहम्मदाबाद गोहना में हुआ। जिसमें जनपद के 22 विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के करीब सवा सौ विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेमा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं किंग्स ईडन इंटरनेशनल स्कूल की निदेशिका डॉ. मोनिका गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उन्होंने संस्कृत को प्राचीन होने के साथ वर्तमान समय में भी अत्यंत उपयोगी भाषा बताते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।इस दौरान गीत प्रतियोगिता में करीब 40 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सौम्या द्विवेदी (किंग्स ईडन इंटरनेशनल स्कूल) प्रथम, कुशाग्र चक्रवाल (डॉन बॉस्को स्कूल) द्वितीय तथा रुखसार जबी तृतीय रहीं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में लगभग 70 विद्यार्थियों में स्नेहा कन्नौजिया अमिला इंटर कॉलेज बोझी प्रथम,विद्या वर्मा अमृत मेमोरियल हायर सेकेंड्री स्कूल द्वितीय तथा शुभकृत शुक्ल किंग्स ईडन इंटरनेशनल स्कूल तृतीय रहे। अंशिका राय,प्रियांशु गुप्ता एवं सलोनी यादव को सांत्वना पुरस्कार मिला।संयोजिका जया सिंह ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थी अब मंडल स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। मंडल स्तर से चयनित विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे, जिसका आयोजन उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान,लखनऊ में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रहलाद राम व संचालन डॉ. चन्द्रकान्त दत्त शुक्ल ने किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अवनिन्द्र कुमार पाण्डेय रहे। धन्यवाद ज्ञापन संयोजिका जया सिंह ने किया। प्रतियोगिता के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
