देवल संवाददाता, मऊ। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को गाजीपुर तिराहा, नगर पालिका परिषद मऊ में ‘स्वच्छता ही सेवा’अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सभी लोग स्वच्छता की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए अपने घर, मोहल्ले,वार्ड,निकाय एवं ग्राम पंचायतों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से श्रमदान करे तथा स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी जागरूक करे। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि प्रतिदिन कुछ समय श्रमदान के लिए निकालकर स्वच्छता में अपना योगदान दें,जिससे जनपद मऊ को स्वच्छ,सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।
