देवल संवाददाता, सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क परिसर में पुलिस परिवार के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी एवं बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। भक्ति गीतों एवं श्रीकृष्ण भजनों की प्रस्तुतियों से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
पुलिस परिवार के सदस्यों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, सौहार्द एवं पारिवारिक आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने समस्त पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, धर्म एवं लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करते हैं तथा समाज में प्रेम, सौहार्द, सद्भाव एवं एकता की भावना को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं तथा पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं उनके परिवारीजन उपस्थित रहे।
