देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय पर जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था,वाहनों की फिटनेस तथा वाहन चालकों एवं परिचालकों के सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में परिवहन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 1173 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं,जिनमें 1127 वाहनों की फिटनेस वैध है, जबकि 46 वाहनों की फिटनेस फेल है। फिटनेस फेल वाहनों के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई है। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए 71 स्कूली वाहनों का चालान किया गया तथा 09 वाहनों को विभिन्न थानों में सीज किया गया।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत स्कूली वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक अभिलेखों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। स्कूली वाहनों के चालक एवं क्लीनर का चरित्र सत्यापन पुलिस विभाग से अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा सत्यापन के उपरांत ही वाहन का संचालन किया जाए।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय के नाम पंजीकृत वाहनों से ही स्कूली बच्चों का परिवहन कराया जाए। ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा से स्कूली बच्चों के परिवहन पर रोक सुनिश्चित की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विद्यालय प्रबंधन, वाहन स्वामी एवं चालक की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि परिवहन विभाग की टीम विद्यालयों में पहुंचकर स्कूली वाहनों का भौतिक निरीक्षण करे तथा सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद ही संचालित किए जाएं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता न हो और मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, एआरटीओ सोहेल अहमद,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बीके यादव,समस्त विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश,मानकों के अनुरूप ही संचालित होंगे वाहन
सितंबर 29, 2026
0
Tags
