जांच के लिए भटक रहे मरीज, बिना रिपोर्ट के इलाज में भी आ रही दिक्कत
देवल संवाददाता, आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पैथोलॉजी जांच व्यवस्था आज मंगलवार को प्रभावित हो गई है। बिजली नहीं होने और इनवर्टर भी डिस्चार्ज होने के कारण मरीजों की आवश्यक जांच नहीं हो पा रही है। जांच के लिए सीएचसी पहुंच रहे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
सीएचसी पहुंचे मरीज जदुराम और सुनील ने बताया कि वे पिछले पांच दिनों से जांच कराने के लिए अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में बिजली नहीं होने के कारण पैथोलॉजी में जांच नहीं हो पा रही है। इनवर्टर भी जवाब दे चुका है। मरीजों ने बताया कि बिना जांच रिपोर्ट के उन्हें दवा उपलब्ध कराने में भी परेशानी हो रही है, जिससे उनकी समस्या और बढ़ गई है।
इस संबंध में सीएचसी कोयलसा के अधीक्षक डॉ. देवानंद यादव ने बताया कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए बिजली विभाग के जेई से कई बार फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पैथोलॉजी की जांच व्यवस्था प्रभावित हो रही है और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पांच दिनों से स्वास्थ्य केंद्र की पैथोलॉजी सेवा प्रभावित होने से मरीजों में नाराजगी है। मरीजों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल कराकर जांच सुविधा सुचारु कराने की मांग की है।
