देवल संवाददाता, मऊ। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने जिला अस्पताल का भ्रमण कर वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद करते हुए अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, चिकित्सकीय सुविधाओं,दवाओं की उपलब्धता तथा उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की और उनसे पूछा कि उन्हें उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हो रही है। मरीजों एवं तीमारदारों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में दी गई जानकारी को जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन से सीधे जुड़ी हुई हैं और जिला अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं तथा सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। मरीजों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा अस्पताल में साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा आवश्यकतानुसार उनका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं उपलब्ध संसाधनों की भी जानकारी ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सेवा,संवेदना और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होकर उनमें विश्वास और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है।
जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
