देवल संवाददाता, मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आज जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं देश की सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा,सुशासन एवं संकल्प के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जनपद मऊ में कार्यक्रमों की शुरुआत रक्तदान कार्यक्रम से की गई है। इसके बाद मरीजों को फल वितरण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके माध्यम से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से जुड़े लाभार्थियों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा, ताकि योजनाओं के प्रभाव एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा सके। परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर जनपद की सभी तहसीलों,विद्यालयों एवं धार्मिक स्थलों पर आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से लोग अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इसी क्रम में जनपद मऊ में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक महीनेभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया गया तथा आमजन को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा रक्तदान शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया गया। इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 100 शैय्या चिकित्सालय टड़ियाव एवं शारदा नारायण हॉस्पिटल में भी रक्तदान शिविर कार्यक्रम का आयोजन हुआ।शारदा नारायण हॉस्पिटल में मुख्य अतिथि श्री रामविलास चौहान विधायक मधुबन रहे तथा 100 शैय्या युक्त चिकित्सालय टड़ियाव में रक्तदान शिविर के मुख्य अतिथि श्री विजय राजभर पूर्व विधायक रहे।
