देवल संवाददाता, मऊ। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मऊ के परिसर में शिक्षक प्रशिक्षुओं द्वारा स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक प्रशिक्षुओं ने परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्वच्छता,कचरा प्रबंधन,कूड़े के उचित निस्तारण तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर जागरूकता संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. हेमंत कुमार यादव जिला परियोजना अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर,विद्यालय,कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ-साथ कूड़े को इधर-उधर न फेंकने,गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा नदियों,तालाबों और नालों में कचरा न डालने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी जन-आंदोलन बनाया जा सकता हैउन्होंने शिक्षक प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता के संदेश को अपनाएं और अपने परिवार तथा समुदाय में भी लोगों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करें।कार्यक्रम में संदीप राय,जावेद आलम,अंशुमान सिंह,मनीष,अभिषेक यादव,रेहान,शाहिद सहित अन्य शिक्षक प्रशिक्षु एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षक प्रशिक्षुओं के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा।
