कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गोरखपुर–फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के संबंध में राजनीतिक दलों, शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों, माननीय एमएलसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर–फैजाबाद तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावलियों को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाए जाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम, पता, आयु आदि विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। वहीं, दोहरे अथवा अपात्र नामों को हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। बैठक में निर्वाचक नामावलियों की प्रकाशन सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए जाने सहित अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं पर भी चर्चा की गई।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि जनपद अम्बेडकरनगर में पूर्व निर्वाचक नामावली में कुल 2834 मतदाता दर्ज थे। अद्यतन प्रक्रिया के दौरान 3 नामों का परिवर्धन, 8 नामों का विलोपन तथा 1277 प्रविष्टियों में संशोधन किया गया है। वर्तमान में जनपद में कुल 2829 मतदाता दर्ज हैं।
अपर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों एवं शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपील की कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता नामावली में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हुआ है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-19 भरकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करें।
