कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई बाइक लखनऊ में इलाज के दौरान हो गई कौशल्या की मौत घर पर मचा कोहराम बच्चों का रो रो कर बुरा हाल। मालूम हो मायके से बाइक से घर लौट रही महिला सड़क पर बने ब्रेकर के पास हादसे का शिकार हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।चोरमारा कमालपुर गांव निवासी अमरचंद यादव की पत्नी कौशल्या अपने पिता के घर महारामपुर से शाम को घर लौट रही थीं। बताया जाता है कि मदैनिया में सड़क पर बने ब्रेकर के पास बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए रात में ही लखनऊ पहुंचाया जहां आज इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।कौशल्या की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। मां की मौत से पांचों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।ब्रेकर को लेकर उठे सवाल हादसे के बाद मदैनिया में बने ब्रेकर को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि ब्रेकर को लेकर पहले भी आपत्ति जताई गई थी। उनका आरोप है कि निर्माण को लेकर विरोध की बात भी सामने आई थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि हादसे के बाद रात में ब्रेकर को कथित रूप से काटकर छोटा कर दिया गया। इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सड़क पर बने ब्रेकर की स्थिति की जांच की मांग की है।कौशल्या की मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है, वहीं घटना ने सड़क सुरक्षा और ब्रेकर निर्माण के मानकों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
