दावा- अंबेडकर नगर में प्रजापति समाज के दो लाख वोट, अब एनडीए गठबंधन के साथ जुड़ेगा समाज
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा डूबती नैया में सवार है। भागीदारी पार्टी का साथ मिलने से पूर्वांचल में एनडीए गठबंधन के साथ एक बड़ी ताकत जुड़ने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अंबेडकर नगर ही नहीं, पूरे पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुलने देंगे।
राजभर गुरुवार को अकबरपुर के टांडा रोड स्थित कटरिया बाग में भागीदारी पार्टी के नेतृत्व में डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जन अधिकार महारैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। रैली की अध्यक्षता भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति ने की।
*डॉ. रत्नप्पा कुम्हार सर्व समाज के महापुरुष*
राजभर ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ मिलकर संविधान निर्माण में कार्य किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अंतिम मसौदे पर डॉ. रत्नप्पा कुम्हार ने हस्ताक्षर किए थे, लेकिन इतिहासकारों ने ऐसे महापुरुष के इतिहास को सामने लाने का काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार किसी एक जाति के महापुरुष नहीं हैं, बल्कि सर्व समाज के महापुरुष हैं। उनकी प्रतिमा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ हर जगह मिलनी चाहिए।
*अब प्रेमचंद्र प्रजापति के साथ निकल पड़ा है समाज*
राजभर ने कहा कि अंबेडकर नगर में प्रजापति समाज के करीब दो लाख वोट हैं और अब यह वोट एनडीए गठबंधन के साथ जुड़ने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय समाजवादी पार्टी इस समाज का वोट लेती थी और फिर इसी समाज के लोगों को पीटने का काम किया जाता था। अब यह समाज अपने नेता प्रेमचंद्र प्रजापति के साथ डंडा-झंडा लेकर निकल पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भागीदारी पार्टी के साथ आने से पूर्वांचल में एनडीए की ताकत और बढ़ेगी और इसका असर 2027 के विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा।
*सामाजिक न्याय और समान भागीदारी हमारी प्राथमिकता: प्रेमचंद्र*
भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वंचित, शोषित, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित एवं सर्व समाज को सामाजिक न्याय और समान भागीदारी दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच अपने मुद्दे पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि पूर्वांचल से सपा, बसपा और कांग्रेस का सफाया किया जा सके।
उन्होंने कहा कि अंबेडकर नगर में भागीदारी पार्टी सपा, बसपा और कांग्रेस के गले की फांस बन चुकी है। पार्टी पूर्वांचल के साथ बुंदेलखंड, पश्चिमांचल और मध्यांचल में लगातार बड़ी रैलियां कर अपनी ताकत दिखा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रजापति समाज का 90 प्रतिशत वोट भागीदारी पार्टी के साथ है।
*सपा से जो जुड़ेगा, वह कटेगा: महेश चंद्रा प्रजापति*
पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. महेश चंद्रा प्रजापति ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की देन है कि देश को बेहतर संविधान मिला, जिसकी बदौलत आज समाज अपनी आवाज बुलंद कर पा रहा है।
उन्होंने युवाओं से पूरी ताकत के साथ भागीदारी पार्टी के अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। कहा कि युवा किसी भी सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को अपने अधिकार, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के सवाल मजबूती से उठाने होंगे। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक न्याय और समान भागीदारी का संदेश पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. महेश चंद्रा प्रजापति ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भागीदारी पार्टी का संघर्ष केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि वंचित और पिछड़े समाज की सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी के लिए है। युवाओं की ऊर्जा, संगठन की मजबूती और जनता के समर्थन से पार्टी उत्तर प्रदेश में बड़ा परिवर्तन करेगी।
उन्होंने कहा कि अंबेडकर नगर में जो समाजवादी पार्टी से जुड़ेगा, वह कटेगा, क्योंकि समाजवादी पार्टी जोड़ने में नहीं बल्कि काटने में विश्वास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे उत्तर प्रदेश में सपा से जुड़े लोगों द्वारा अति पिछड़ों और अति दलितों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है।
*ये रहे मौजूद*
कार्यक्रम में भागीदारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक प्रजापति, पूर्वांचल अध्यक्ष सुनील प्रजापति, अंबेडकर नगर जिलाध्यक्ष दिनेश प्रजापति, आजमगढ़ जिलाध्यक्ष रघुनाथ प्रजापति, जिला प्रमुख महासचिव रामनरेश प्रजापति, रामजी, अमरनाथ प्रजापति, गौतम प्रजापति, आनंद प्रजापति, विपिन प्रजापति और गौतम कुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
