देवल संवाददाता, मऊ।स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता कार्यक्रमों का शुभारंभ नगर पालिका परिषद,मऊ के प्रांगण से किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।नगर पालिका परिषद,मऊ एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हनुमान घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें सफाई कर्मियों एवं समिति के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए 1500 किलोग्राम से अधिक कचरा एकत्र किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।घाट के दुकानदारों को दुकानों पर गार्बेज बॉक्स रखने तथा ग्राहकों को भी कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ,सुंदर एवं स्वस्थ मऊ का निर्माण संभव है।इस अवसर पर भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल,विनोद कुमार गुप्ता, सत्य प्रकाश,डॉ. हेमंत कुमार यादव सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
