देवल संवाददाता, मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर में सेवा और संवेदना की तस्वीर देखने को मिली। सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविर में जनपद सहित आसपास के जिलों से पहुंचे 23 महादानियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने रक्तदान को मानव जीवन बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।शिविर का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामस्वरूप मौर्य ने किया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा लोगों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर देता है।उन्होंने अपील की कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोग भागीदारी करें। देश और समाज के हित में जिस भी रूप में योगदान संभव हो, उसके लिए लोगों को आगे आना चाहिए।रक्तदान के लिए पहुंचे लोगों का पंजीकरण कराने के बाद आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद चिकित्सकीय निगरानी में रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर की व्यवस्थाओं में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों,स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया। रक्तदान करने वालों में युवाओं समेत विभिन्न आयु वर्ग के लोग शामिल रहे। शिविर में पहुंचे लोगों को रक्तदान के महत्व और इससे जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाली मदद के बारे में भी जानकारी दी गई।मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. मनीष राय ने कहा कि रक्तदान महादान है। स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का रक्तदान जरूरत के अनुसार तीन लोगों के जीवन को सुरक्षित करने में मददगार हो सकता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी 23 लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाज में ऐसे सेवाभावी प्रयासों से लोगों में परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।डॉ. अभिनव मिश्रा ने अंग वस्त्रम और गोरखनाथ बाबा की प्रतिमा की भेंट,कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज उद्घाटन के वार्षिकोत्सव पर डॉक्टर अभिनव मिश्रा और दीपक मिश्रा ने निदेशक डॉ मनीष राय को अंग वस्त्रम और गोरखनाथ बाबा की प्रतिमा भेंट किया।
