गिरीश अकबरपुर, अम्बेडकर नगर। उत्तर प्रदेश सरकार की अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का असर जिले में तेजी से दिखाई देने लगा है। योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है, जिससे बुजुर्ग महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ आवागमन भी आसान हो गया है। योजना लागू होने के महज एक सप्ताह के भीतर ही 220 से अधिक महिलाओं ने इसका लाभ उठाया है। अकबरपुर डिपो की 94 बसों में यह सुविधा लागू की गई है। इन बसों के जरिए दिल्ली, लखनऊ, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों तक यात्रा करने वाली पात्र महिलाएं बिना टिकट सफर कर रही हैं। इससे पहले जहां यात्रा खर्च बुजुर्ग महिलाओं के लिए एक बड़ी बाधा था, वहीं अब यह योजना उनके लिए सहूलियत का माध्यम बन रही है। योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को बस में यात्रा के दौरान अपना आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य है। आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर उम्र की पुष्टि की जाती है। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु होने पर उन्हें टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होती और वे निःशुल्क यात्रा कर सकती हैं। फिलहाल यही प्रक्रिया लागू है और इसी के आधार पर पात्रता तय की जा रही है। अकबरपुर बस स्टेशन की स्टेशन इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अभी स्मार्ट कार्ड की व्यवस्था शुरू नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही इसे लागू किए जाने की संभावना है। स्मार्ट कार्ड व्यवस्था शुरू होने के बाद पात्र महिलाओं की पहचान और यात्रा प्रक्रिया और अधिक सरल और व्यवस्थित हो जाएगी। इस योजना से बुजुर्ग महिलाओं को न केवल आर्थिक राहत मिल रही है, बल्कि वे अब अपने रिश्तेदारों से मिलने और धार्मिक स्थलों की यात्रा भी आसानी से कर पा रही हैं। जिले में योजना को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है और आने वाले समय में इसके लाभार्थियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
