देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता तथा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी और ओटीपी साझा न करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस अवसर पर पुलिस विभाग ने लोगों से आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1091, 181, 1930 एवं 1076 का उपयोग करने की अपील की।
