देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी की प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के संबंध में एक दिन पूर्व हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) में दिए गए निर्देशों तथा जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश के क्रम में एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरूपहा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित कक्षाओं, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य में उपयोग किए जा रहे मैनुअल एवं डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता तथा उनकी स्थिति का जायजा लिया गया। एसडीएम ने छात्राओं के आवासीय एवं भोजन संबंधी व्यवस्थाओं, विद्यालय की आवास क्षमता, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सैनिटेशन व्यवस्था, रसोइयों की उपस्थिति तथा छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं का भी निरीक्षण किया।
इसके अलावा विद्यालय में चौकीदारों की उपलब्धता एवं उनकी जिम्मेदारियों, वार्डन की भूमिका एवं दायित्व, शौचालयों तथा स्नान कक्षों की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी (BEO), लालगंज भी उपस्थित रहे। एसडीएम नेहा मिश्रा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
