देवल संवाददाता, देवगांव पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से आभूषण झपटने के मामले में वांछित शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को मेहनगर क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी अमित प्रताप सिंह ने देवगांव थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ दिन पहले उनकी मां को बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लालगंज तहसील के सामने से केराकत तहसील ले जाया गया था। वहां उनके कान के टप्स और सहारा झपट्टा मारकर छीन लिए गए थे। मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को देखते ही भागने लगा बदमाश
एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस वांछित आरोपियों की तलाश और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी मोटरसाइकिल से पल्हना-लहुवां मार्ग की ओर आ रहा है और उसके पास अवैध असलहा है।
पुलिस ने नसीरपुर के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर नसीरपुर पुलिया के पास उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी के बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी, निवासी वाराणसी, हाल निवासी चंदौली के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया।
सुनार भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने छीने गए आभूषणों में से एक जोड़ी टप्स सैदपुर निवासी सुनार दिनेश वर्मा को दिए थे। पुलिस ने सुनार को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली धातु के कान के एक जोड़ी टप्स बरामद किए हैं।
तमंचा और लूट के आभूषण बरामद
शमीम के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल, पीली धातु का एक जोड़ी कान का सहारा और 850 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं सुनार के कब्जे से एक जोड़ी कान का टप्स बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी, विश्वासघात और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। देवगांव पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
