आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे नेता ढाबा के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक (UP 44 AT 3818) में पीछे से तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार (UP 32 PU 5119) अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया, जबकि शोभीत श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभीत शुक्ला का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल सभी लोग उन्नाव जनपद के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
