देवल संवाददाता,आजमगढ़। अयोध्या में कथित चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी के फ्रंटल संगठनों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हाथों में विभिन्न मांगों एवं विरोध से संबंधित तख्तियां और पोस्टर लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में लालजीत यादव क्रांतिकारी, दुर्गेश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए प्रथम मंजिल स्थित जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ने लगे।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को डीएम कार्यालय की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।
कुछ देर तक चले विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में सपा कार्यकर्ता आगे बढ़े और अपना विरोध दर्ज कराया। पूरे घटनाक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
