AEPS क्लोनिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को गम्भीरपुर पुलिस व साइबर सेल ने दबोचा
देवल संवाददाता, गंभीरपुर, आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना गम्भीरपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। टीम द्वारा साइबर ठगी के मुकदमे में वांछित गैंग के सरगना अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से एक कूटरचित आधार कार्ड एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
दिनांक 11.07.2026 को साइबर सेल आजमगढ़ एवं थाना गम्भीरपुर पुलिस द्वारा संदिग्ध बैंक खातों एवं एटीएम हॉटस्पॉट की जांच के दौरान यश विश्वकर्मा पुत्र राजकुमार विश्वकर्मा निवासी ग्राम दयालपुर, थाना गम्भीरपुर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ एवं बरामद डिजिटल साक्ष्यों से प्रकाश में आया कि वह अपने सहयोगी सद्दाम पुत्र तौफिक निवासी ग्राम रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर, थाना गम्भीरपुर के साथ मिलकर आधार आधारित बैंकिंग (AEPS) प्रणाली एवं बायोमेट्रिक उपकरणों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों से निकालकर कमीशन के आधार पर आपस में बांटता था। इस संबंध में थाना गम्भीरपुर पर मु0अ0सं0- 171/2026, धारा 317(2), 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340 बीएनएस व 66D आईटी एक्ट पंजीकृत किया गया । दिनांक 03.08.2026 को थाना गम्भीरपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त सद्दाम पुत्र तौफिक, निवासी ग्राम रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ को समय करीब 13:30 बजे रानीपुर-रजमों मोड़ से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 कूटरचित आधार कार्ड एवं 01 मोबाइल फोन बरामद हुआ। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गई।
