आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर । जौनपुर रामपुर थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी को कब्जे में लेकर रामपुर थाने में खड़ा करा दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों और मशीन संचालकों में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि औद्योगिक क्षेत्र सिधवन में बिना अनुमति मिट्टी की खुदाई किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नवीन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उन्होंने रामपुर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने संबंधित जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और नियमानुसार सीज कर दिया।
दूसरी ओर, जेसीबी संचालक पिंटू यादव ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उनकी मशीन किसी प्रकार के खनन कार्य में नहीं लगी थी, बल्कि सड़क से होकर दूसरे स्थान पर जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त आधार के उनकी जेसीबी को सीज कर दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में अवैध खनन या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
