आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत । जौनपुर केराकत थाना क्षेत्र के बेहड़ा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं में अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, बेहड़ा गांव के रग्घूपुर पुरवा स्थित कुएं में एक शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर केराकत थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
शव की पहचान रग्घूपुर पुरवा निवासी 45 वर्षीय राकेश शुक्ला पुत्र मानिक शुक्ला के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हादसा, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
