आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को रुहट्टा क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में दोहरा और तंबाकू बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक एवं प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान उमरपुर रुहट्टा निवासी परविन्दर सिंह पुत्र सतपाल सिंह के कब्जे से करीब 48 किलोग्राम खुला दोहरा, 47 किलोग्राम पाउच पैक दोहरा तथा 1.5 किलोग्राम सूखा तंबाकू बरामद किया गया। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में उपनिरीक्षक राहुल रंजन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद दोहरा और तंबाकू की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
