आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद । जौनपुर जफराबाद कस्बे के काजी अहमद नूर निवासी सत्तन निषाद की चार वर्षीय पुत्री की हत्या के मामले में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि बीते 28 जून की रात धनेजा गांव में रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान चार वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था।
शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे ज्ञान प्रकाश सिंह ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली बताते हुए कहा कि ऐसे अपराध समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और अपनी ओर से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सत्तन निषाद को प्रदान की।
इस अवसर पर नगर पंचायत जफराबाद के चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान, जोगेंद्र निषाद, जमाल हाशमी, ओवैश खान, मंसूर खान सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। क्षेत्र के लोगों ने समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा पीड़ित परिवार की मदद और संवेदना व्यक्त करने की पहल की सराहना की।
.jpeg)