देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) बरदह स्थानीय कस्बे में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 40 वर्षीय महिला अकबरी बानो पत्नी मो. ताहिर का शव घर के अंदर फर्श पर रक्तरंजित हालत में मिला। स्कूल से घर लौटे बच्चों ने मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना डायल-112 पुलिस व स्थानीय थाने को दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मधुवन सिंह, सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार पुलिस टीम व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच की। पुलिस ने गांव व आसपास के लोगों समेत दर्जनों व्यक्तियों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। बताया गया कि मृतका का पति मो. ताहिर और बड़ा पुत्र मो. समीर मुंबई में लूम का कार्य करते हैं। घर पर मृतका के दो पुत्र मो. अमीर (16) और मो. असद (8) रहते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
.jpeg)